Kathua: जम्मू कश्मीर पहुंची भारत जोड़ो यात्रा, जैकेट पहने नजर आए राहुल गांधी
Kathua: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज जम्मू-कश्मीर में दूसरा दिन हैं। यात्रा की आज जम्मू कश्मीर के कठुआ से औपचारिक शुरुआत हुई। जनकारी के मुताबिक कठुआ में बारिश हो रही है। राहुल गांधी ने बारिश के बीच यात्रा की शुरूआत की। इस दौरान बारिश से बचने के लिए राहुल गांधी एक काले रंग की जैकेट पहने नजर आए।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान यह पहली बार है जब राहुल गांधी ने टी शर्ट के ऊपर कोई और कपड़ा पहना है। कड़ाके की ठंड में भी राहुल का केवल टी शर्ट पहनना भी एक बड़ा मुद्दा बन गया था।
बीजेपी के कई नेताओं ने इसे लेकर सवाल उठाए थे। बता दें कि बारिश के बाद भी लोगों में उत्साह बना हुआ हैं।
यात्रा पंजाब से होकर जम्मू कश्मीर पहुंची
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया। यह यात्रा पंजाब से होकर जम्मू कश्मीर पहुंची है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब 26 जनवरी तक जम्मू के अलग-अलग हिस्सों में रहेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आतंकी खतरे की आशंका को देखते हुए राहुल की इस यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था कई चरणों में की गई है। भारत जोड़ो यात्रा के पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पैदल यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को राहुल गांधी जम्मू के कठुआ के हठली मोड से चड़वाल तक का करीब 23 किलोमीटर का सफर तय होगा।
नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आया
भारत जोड़ो यात्रा जम्मू कश्मीर से जोड़ने वाले रावि पुल को पार कर प्रदेश की धरती पर पहुंची। वहीं नेता फारुक अब्दुल्ला, शिवसेना नेता संजय राउत, जम्मू कश्मीर कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वह कहना चाहते हैं कि आप किसी भी धर्म जाती के हो, बच्चे या बुजुर्ग हो आप इस देश के हैं। उन्होंने कहा, ‘ मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आया हूं। मेरे दिल में आपके लिए मोहब्बत है। अगले कुछ दिन आपके दिल का दर्द जो दुख है, उसे बांटने आया हूं।’