Ashok Gehlot बोले- ERCP पर भ्रम फैला रही BJP…योजना का नाम बदला, धोखा देकर चुनाव जीतने की कोशिश कर रहे
Jaipur: पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) को लेकर पूर्व सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने रविवार को कहा कि परियोजना को लेकर भाजपा भ्रम पैदा कर रही है। मध्य प्रदेश के हितों की रक्षा की गई है। वहां बांध बन रहे हैं, जिसका फायदा उन्हें मिलेगा। राजस्थान के साथ धोखा हो रहा है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने पूर्व सीएम अशोक गहलोत रविवार सुबह जयपुर से धौलपुर के लिए निकले थे। इस दौरान दौसा में कार्यकर्ताओं ने विधायक मुरारीलाल मीणा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा ऐतिहासिक है’
दौसा में गहलोत ने कहा- भारत जोड़ो न्याय यात्रा ऐतिहासिक है। पूरे विश्व में ऐसी यात्रा किसी ने नहीं निकाली होगी। राहुल गांधी युवाओं, किसानों व बेरोजगारी समेत देशहित के मुद्दों पर मुखर हैं, लोगों को समझा रहे हैं।
‘किसानों के साथ अन्याय हो रहा’
उन्होंने कहा किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। कई किसानों की मौत हो चुकी है, सरकार उन पर अत्याचार कर रही है। किसानों के मुद्दे हल नहीं किए जा रहे। यदि केंद्र सरकार पिछले किसान आंदोलन के दौरान मारे गए 700 किसानों को एक-एक करोड़ का मुआवजा दे दे तो कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। किसानों पर हो रहे जुल्म को देश माफ नहीं करेगा।
ERCP पर भ्रम फैला रही बीजेपी
ERCP को लेकर गहलोत ने कहा- योजना का लाभ मध्यप्रदेश को मिला रहा है। राजस्थान के साथ धोखा हो रहा है। यह परियोजना वसुंधरा राजे सरकार के दौरान बनाई गई थी। इस पर काम हमने शुरू किया। उसी को आगे बढ़ाते हुए काम करना चाहिए था। 2 लाख हेक्टेयर में सिंचाई का क्या होगा, स्पष्ट करना चाहिए।
बीजेपी पर जमकर साधा निशाना
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- वे धोखा देकर चुनाव जीतने का प्रयास कर रहे हैं। जान-बूझकर ईआरसीपी का नाम बदलकर नए नाम से लेकर आए हैं। ये जुमले हैं, क्योंकि वाजपेयी सरकार के दौरान भी नदियों को जोड़ने के नाम पर धोखा दिया गया था। उस बात को आज 20 साल बीत गए, नदियां जोड़ने का क्या हुआ।
अच्छी योजनाओं को बंद न करें
गहलोत (Ashok Gehlot) ने कहा- पेपर लीक व रेप कहां नहीं हो रहे। राजस्थान चुनाव के दौरान नेताओं ने झूठ बोलकर लोगों को भ्रमित किया। उन्हें सत्ता मिली। इस बात का हमें दुख है कि सरकार चली गई। लेकिन कृपा करके जनहित की अच्छी योजनाओं को बंद न करें। लोगों को योजनाओं का फायदा मिलना चाहिए। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा हर चुनाव इज्जत का ही होता है। हमें उम्मीद है कि पहले से बेहतर परिणाम मिलेंगे।
Read More- IPL 2024: क्या जयपुर में नहीं होंगे IPL के मैच? खेल परिषद का BCCI को लेटर, जानें क्या है पूरा मामला