Rajasthan Weather Update: प्रदेश में सुबह-शाम सर्दी, 3 डिग्री तक गिरा पारा, जानें कब से बढ़ेगी गर्मी?
Jaipur: राजस्थान में अभी सुबह-शाम सर्दी का (Rajasthan Weather Update) असर बना हुआ है। बीती रात जयपुर, सीकर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर और जालोर समेत कई शहरों में पारा कल के मुकाबले 2 से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 30 से लेकर 34 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार होली तक प्रदेश के तापमान में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रहेगा। होली के बाद तापमान बढ़ने की संभावना है। गर्मी तेज हो सकती है।
इस जिले में रही सबसे ठंडी रात
आज जालोर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। आज सबसे ठंडी रात करौली, फतेहपुर और सीकर में रही, यहां न्यूनतम तापमान 9 -10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम तापमान फतेहपुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में भी आज रात का पारा 2 डिग्री गिरकर 9.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
जयपुर में गिरा रात का पारा
जयपुर में न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया। । जयपुर की पिछले एक सप्ताह में रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। 12 मार्च को जयपुर का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस था।
35 डिग्री से ऊपर पहुंचा दिन का तापमान
बाड़मेर में रविवार (Rajasthan Weather Update) को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जालौर-डूंगरपुर में भी तापमान 34.2, जैसलमेर में पारा 33.4 डिग्री सेल्सियस जबकि जोधपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा, भीलवाड़ा में पारा 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।