राजस्थान चुनाव 2023राज्य

Rajasthan में थमा विधानसभा चुनाव का प्रचार, आखिरी दिन पीएम मोदी ने की सभा, सीएम ने घड़ी देखकर 7 मिनट पहले भाषण रोका

Jaipur: राजस्थान में विधानसभा चुनाव (Rajasthan) का प्रचार गुरुवार शाम 6 बजे थम गया। इससे पहले प्रदेशभर में सभाओं से लेकर रोड शो का दौर चलता रहा। भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के नेता आखिरी समय तक पूरी ताकत झोंकते नजर आए। सीएम अशोक गहलोत हर चुनाव की तरह इस बार भी अपनी अं​तिम सभा अपने मोहल्ले महामंदिर में कर रहे थे। तभी उनकी नजर घड़ी पर पड़ी तो उन्होंने शाम 5:53 बजे अपना भाषण रोक दिया और मंच से नीचे उतर गए। प्रदेश में 25 नवंबर (शनिवार) को 199 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया है।

राजस्थान की सभाओं में शामिल हुए ये दिग्गज

आज राजसमंद के देवगढ़ में पीएम नरेंद्र मोदी ने इन चुनावों को लेकर अपनी आखिरी सभा को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रोड शो किया। अंतिम दिन कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता की सभा का शेड्यूल नहीं था। सीएम अशोक और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी और उनके दौरे को लेकर निशाना साधा। वहीं, भाजपा के अमित शाह ने भी जयपुर के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गहलोत सरकार पर निशाना साधा।

पीएम नरेंद्र मोदी, देवगढ़ (राजसमंद), दोपहर 1 बजे

पीएम नरेंद्र मोदी ने राजसमंद के देवगढ़ (Rajasthan) में जनसभा को संबोधित कर कहा कि बुधवार (22 नवंबर) को मैंने शाही परिवार पर कुछ कहा था। ऐसा तीर लगा कि पूरी कांग्रेस हिल गई। उन्हें पता था कि मोदी ने ऐसी गोली चलाई है कि वह बिना घाव के कांग्रेस का जीना मुश्किल कर देगी। कांग्रेस राजेश पायलट पर मेरे असली सवाल का जवाब नहीं दे रही है। कांग्रेस पूरी ताकत से झूठ बोल रही है कि शाही परिवार ने राजेश पायलट का अपमान नहीं किया। जो सवाल मैं उठाता हूं, उसका जवाब दो। बगले झांकते हो।

क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने कहा कि गुर्जरों का जितना अपमान कांग्रेस ने किया, वह राजस्थान की पुरानी पीढ़ी ने भी देखा है, नई पीढ़ी भी देख रही है। एक गुर्जर समाज का बेटा राजनीति में जगह बनाने के लिए संघर्ष करता है, जान लगाता है, सत्ता मिलने के बाद शाही परिवार की शह पर उसे दूध से मक्खी की तरह निकाल कर फेंक दिया जाता है। राजेश पायलट के साथ भी यही किया और उनके बेटे के साथ भी यही कर रहे हैं।

सीएम गहलोत ने 7 मिनट पहले रोका भाषण

विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सीएम अशोक गहलोत ने जोधपुर में चार सभा की। हर चुनाव की तरह इस बार भी अंतिम सभा उनके मोहल्ले महामंदिर के धानमंडी में रखी गई। जहां हर चुनाव में उनके पैतृक निवास के पास मंच सजाया जाता है। इस बार भी यहां सभा रखी और इसी दौरान उनके परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने योजनाओं को गिनाया। भाजपा के साथ जोधपुर सांसद व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर भी निशाना साधा। इस दौरान 7 मिनट पहले ही उन्होंने अपना भाषण रोक दिया और घर की तरफ निकल गए।

प्रशासन ने रुकवाई हनुमान बेनीवाल और चंद्रशेखर की सभा

चूरू के सुजानगढ़ के एनके लोहिया स्टेडियम में आरएलपी की जनसभा में समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल और भीम आर्मी आजाद भारत पार्टी के चंद्रशेखर सभा को संबोधित नहीं कर पाए। उनकी जगह आरएलपी के उम्मीदवार बाबूलाल कुलदीप और दूसरे कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। दोनों को शाम 4 बजे तक आना तक लेकिन 6 बजे तक नहीं पहुंच पाए। जानकारी मिलने पर सीआई मुकुट बिहारी मीणा पुलिस प्रशासन के साथ स्टेज पर पहुंचे और माइक को बंद करवा दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सहाड़ा (भीलवाड़ा), शाम 04:30 बजे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक लादू लाल पितलिया के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस शासन से पूरी तरह त्रस्त है। प्रदेश बर्बादी की राह पर चल पड़ा है। आने वाली 25 तारीख को राजस्थान की जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में भारत की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय जगत में बढ़ी है। हमारी सेना के जवानों ने सीमा के इस पार नहीं, उस पार जाकर आतंक का मुकाबला किया है। देश आगे बढ़ा है और विकास की नई रफ्तार पर है। भारत की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे, हवामहल (जयपुर), शाम 04:00 बजे

शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हवामहल विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी महंत बालमुकुंदाचार्य के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं पीएम मोदी का संदेश लेकर आपके बीच आया हूं। आपको राजस्थान का विकास करना है तो बीजेपी को ही वोट देना हैं। जहां डबल इंजन की सरकार होती है। वहां विकास तेजी से होता है। ऐसे में बीजेपी प्रत्याशी को विजयी करना हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लोग मजाक उड़ाते थे कि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनेगा। कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। लेकिन, पीएम मोदी ने मंदिर भी बनाया और उसकी तारीख भी बता दी। 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है। इसका कारण है मोदी है तो मुमकिन है।

असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, सुजानगढ़ (चूरू), दोपहर 02:30 बजे

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की गारंटी स्कीम पर तंज कसे। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत गारंटी दे रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी की गारंटी कौन लेता है, उनकी मां भी उनकी गारंटी नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि गहलोत ने पायलट को निकम्मा बताया, तो पायलट ने अशोक गहलोत को। जबकि सबसे बड़ा निकम्मा तो राहुल गांधी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरे विश्व में अपना डंका बजाया है। अब न तो बम ब्लास्ट होते हैं और न ही आतंकी घटनाएं। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस सरकार आती है आतंकी घटनाएं बढ़ जाती हैं, बम ब्लास्ट होने लगते हैं।

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, हिंडौन (करौली), दोपहर 2 बजे

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने करौली जिले के हिंडौन विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि 2009 से 2014 का दौर याद कीजिए। कांग्रेस सरकार में 1 हजार करोड़ के घोटाले होते थे। कांग्रेस घोटालों की सरकार है। अखबारों में बम धमाकों की खबरें, साम्प्रदायिक दंगों की खबरें आया करती थी। उन्होंने कहा- लुटेरों से सावधान रहो। 19 बार पेपर लीक हो गए। बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा किया है।

सीएम अशोक गहलोत, जयपुर, दोपहर 1 बजे

सीएम अशोक गहलोत ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अब ये दिवंगत राजेश पायलट को लेकर आ गए। कांग्रेस में अंदर क्या हुआ, उस पर भी बयान दे रहे हैं। गुर्जर समाज को भड़काने के लिए राजेश पायलट को लेकर आ गए। भाजपा के राज में आंदोलन के दौरान 72 गुर्जर फायरिंग में मारे गए थे। सोहेला में गोलीकांड में किसान मारे गए। मेरे राज में गुर्जरों पर गोली तो छोड़िए, लाठीचार्ज तक नहीं होने दिया।

प्रचार खत्म होने के 1 मिनट पहले भीड़ से निकले डोटासरा

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने गुरुवार (Rajasthan) को अपने विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में रोड शो निकाला। रोड शो खत्म होने के बाद कार्यकर्ताओं की डिमांड पर वह गाड़ी की छत पर खड़े होकर डांस करने लगे। इस पर जैसे ही उन्हें पता चला कि प्रचार खत्म होने में केवल 1 मिनट ही है तो वे नीचे उतरे और तुरंत गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

Read More- जोधपुर में जमकर बरसे CM Yogi Adityanath, बोले- ‘दंगाई UP में होते तो मेरा बुलडोजर इन्हें रौंद देता, लेकिन कांग्रेस…’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button